सरकारी जमीन पर कब्जे पर चला बुलडोजर, ध्वस्त हुई अवैध संरचना

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सरकारी भूमि पर बने एक कथित अवैध ढांचे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यमुना कॉलोनी क्षेत्र में स्थित अवैध मजार को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, यमुना कॉलोनी के स्थानीय निवासियों ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत जिला प्रशासन से की थी। शिकायत की जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की और संबंधित पक्ष को एक माह पहले नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था।

निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार देर रात नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध संरचना को हटाकर भूमि को सरकारी कब्जे में ले लिया गया।

नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि जिले में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यमुना कॉलोनी स्थित इस स्थान को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान स्थल पर किसी प्रकार के अवशेष या अन्य सामग्री नहीं मिली। प्रशासन के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देशों के तहत सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से बनाए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सम्बंधित खबरें