खरगे विवाद में कांग्रेस का बड़ा दांव! देहरादून में जुटेंगे कार्यकर्ता, राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना

हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर हुए कथित शुद्धिकरण का मुद्दा एक बार फिर गरमाने लगा है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस सात सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच कर शक्ति प्रदर्शन करेगी। इसके लिए पार्टी ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी शुरू कर दी है।

आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली आयोजित की गई थी। रैली के बाद कुछ लोगों की ओर से कार्यक्रम स्थल पर शुद्धिकरण किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद कांग्रेस ने इसे खरगे के अपमान का मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर हमला तेज कर दिया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम से सामाजिक और राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

कांग्रेस का कहना है कि शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राज्यपाल, पुलिस के उच्च अधिकारियों और विभिन्न थानों में तहरीर दी गई, लेकिन अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पार्टी ने इसे लेकर पुलिस और सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक तरफ शुद्धिकरण मामले में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही, वहीं दूसरी ओर भाजपा की शह पर हल्द्वानी में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कांग्रेस अब इसी मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

सात सितंबर को होने वाले मुख्यमंत्री आवास कूच को कांग्रेस बड़े प्रदर्शन के रूप में आयोजित करने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इसमें राहुल गांधी और कुछ अन्य राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सात सितंबर को प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके आने का कोई कार्यक्रम तय नहीं है।

सम्बंधित खबरें