हवा में उड़ेंगे पहाड़ों के सपने – हल्द्वानी और पिथौरागढ़ से हेली सेवा शुरू

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड के दो नए हेली रूट्स — हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी और पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ — पर हवाई सेवाओं का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। ये सेवाएं केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत शुरू की गई हैं, जिसका उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में भी हवाई कनेक्टिविटी को आसान बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं से जहां स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम होगा, वहीं पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी जैसे पर्यटन स्थल अब यात्रियों के लिए और अधिक सुलभ हो गए हैं। सड़क मार्ग से जहां इन स्थानों तक पहुंचने में 3 से 6 घंटे लगते थे, वहीं अब हेली सेवा के माध्यम से यह सफर कुछ ही मिनटों में पूरा किया जा सकेगा।

हल्द्वानी–अल्मोड़ा और पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हेली सेवा सप्ताह में 7 दिन, दिन में दो बार संचालित की जाएगी। इन सेवाओं का किराया ₹2500 तय किया गया है, और यात्री airheritage.in के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।

राज्य में अब तक 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं, जिनमें गौचर, मसूरी, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, मुनस्यारी, नैनीताल, बागेश्वर, पंतनगर आदि प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 18 हेलीपोर्ट्स को जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के प्रयास भी जारी हैं।

कार्यक्रम में देहरादून से वरिष्ठ अधिकारी, युकाडा के सचिव और कुमाऊं मंडल से आयुक्त दीपक रावत समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें