छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, हल्द्वानी में फूंका पुतला

हल्द्वानी: दिल्ली में छात्र-युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी ने बुद्ध पार्क में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्र-युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि देशभर के छात्र-युवा लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र-युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और सरकार को इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेना चाहिए।

जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।

युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार और छात्र नेता कमल बोरा ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनके साथ बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस छात्र-युवाओं के संघर्ष में हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हेमन्त बगड़वाल, ललित जोशी, मलय बिष्ट, जीवन कार्की, हेमन्त साहू, ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पार्षद भागीरथी बिष्ट, रेनू तोमर, विमला सांगूड़ी, मंजू पांडे, मुन्नी जोशी, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार, महेश कांडपाल, छात्र नेता कमल बोरा, मेहुल साह, एड. भानु कबड़वाल, ब्लॉक अध्यक्ष जाकिर हुसैन, पार्षद मुकुल बलुटिया, पार्षद एड. धर्मवीर, त्रिलोक बनोली, संजू पाना, सुहैल सिद्दीकी, दीपक साह, हिमांशु जोशी, कमल मेहता, गोविंद बगड़वाल, डॉ. मयंक भट्ट, गजेंद्र गोनिया, जग्गू बगड़वाल, मनोज भट्ट, नितिन भट्ट, गोविंद बिष्ट, आनंद अधिकारी, प्रदीप बिष्ट, अमित रावत, एड. कोमल जायसवाल, दिवेश तिवारी, देवेंद्र मेहरा, नेत्र बल्लभ जोशी, शकील मिकरानी, मोहम्मद नबी, हरेंद्र क्वीरा, मनदीप, उदित करायत सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबरें