
उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, गुरूवार रात करीब 8:43 बजे वाहन संख्या UK13CA0826 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। राहत एवं बचाव दल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान डंपर में सवार संजय राणा (45 वर्ष) का शव खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। वहीं दूसरे व्यक्ति मोहन का शव भी बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। संयुक्त प्रयास से राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। प्रशासन ने मामले की जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का खुलासा करने की बात कही है।









