
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान जागेश्वर महादेव और वृद्ध जागेश्वर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने जागेश्वर मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की प्रकृति, पर्यावरण और लोक संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने के लिए सभी को वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जागेश्वर धाम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सुबह से ही धाम में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, मंदिर समिति की कार्यवाहक प्रबंधक ज्योति धपवाल, पूर्व पुजारी प्रतिनिधि नवीन चंद्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









