
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक विवादित मामला सामने आया है। तिब्बती मार्केट क्षेत्र में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। वायरल वीडियो में दारोगा को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करते हुए देखा जा सकता है। लोगों का आरोप है कि रेहड़ी हटाने की कार्रवाई के दौरान दारोगा ने सड़क किनारे फल बेच रहे एक बुजुर्ग विक्रेता के साथ मारपीट की और उसे थप्पड़ मारा।
हालांकि, वायरल वीडियो में कथित थप्पड़ या मारपीट की घटना स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही है। वीडियो में मौके पर मौजूद लोग बुजुर्ग के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए दारोगा का विरोध करते नजर आ रहे हैं। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब छह बजे तिब्बती मार्केट के पास की बताई जा रही है। यहां सड़क किनारे एक बुजुर्ग फल विक्रेता रेहड़ी लगाकर अपना सामान बेच रहा था। इसी दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे दारोगा योगेंद्र मौके पर पहुंचे और रेहड़ी हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
घटना का वीडियो एक युवक ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया। वीडियो में युवक दारोगा से कहता सुनाई देता है कि यदि रेहड़ी नियमों के खिलाफ लगी है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन किसी के साथ मारपीट नहीं होनी चाहिए। इसके बाद युवक और दारोगा के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है। युवक खुद को हाईकोर्ट का वकील बताते हुए दारोगा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी करता है।
वायरल वीडियो में युवक दारोगा से कथित रूप से पैसे लेने को लेकर भी सवाल करता दिखाई देता है। वीडियो में दारोगा की ओर से इस संबंध में कुछ बात कहते हुए आवाज सुनाई देती है, जिसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। इसके बाद मौके पर भीड़ जुट जाती है और लोग दारोगा का विरोध करने लगते हैं।
लोगों ने बुजुर्ग फल विक्रेता के साथ मारपीट और अवैध वसूली जैसे आरोप लगाए। वीडियो में दारोगा वायरलेस सेट के जरिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने और रेहड़ी हटाने की बात करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने जांच के आदेश देते हुए कहा कि यदि जांच में पुलिसकर्मी के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









