
पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 अन्य घायल हो गए। हादसा एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। मृतकों में पांच महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र का एक परिवार अपनी बुजुर्ग महिला सदस्य की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहा था। पिकअप वाहन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत लगभग 27 लोग सवार थे। सुबह करीब चार बजे घर से निकले परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि धार्मिक यात्रा इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को फिरोजपुर के सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल लोगों को आगे इलाज के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार, मृतकों में परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जिनमें परिवार के मुखिया भी थे। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस ने बताया कि पिकअप वाहन जलालाबाद से ब्यास की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
फिरोजपुर-फाजिल्का नेशनल हाईवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने कुछ ही पलों में एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा दुख और शोक व्याप्त है।









