शौच को गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, जंगल में मिला शव

खटीमा। बुधवार सुबह शौच को जंगल में गई महिला को बाघ ने मार डाला। बाघ महिला के शव को जंगल में ले गया है। सूचना पर वन विभाग ने सर्च अभियान चलाते हुए शव को बाघ से छुड़ाकर कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार खटीमा के तराई पूर्वी वन प्रभाग के सुरई रेंज के नबदिया गांव में जंगल में शौच को गई  महिला को बुधवार सुबह बाघ उठा ले गया। घटना से ग्रामीणों में दहशत मच गई है। घटनास्थल पर खून मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर सुरई रेंज की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

वन क्षेत्र अधिकारी आरएस मनराल ने बताया कि एक टीम को मौके पर भेज दिया है, दूसरी टीम को रवाना किया जा रहा है। बख्तरबंद ट्रैक्टर के साथ वनकर्मी शव की खोजबीन शुरू कर दी। इस बीच वन कर्मियों ने महिला के शव को बाघ से छुड़ा लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।

सम्बंधित खबरें