उत्तराखंड में टॉस नदी ने मचाई भारी तबाही, 10 की मौत

उत्तराखंड में देर रात बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी है। देहरादून, विकासनगर और आसपास के इलाकों में हो रही मूसलधार बारिश और बाढ़ की वजह से कई लोगों की जानें जा चुकी हैं, जबकि कुछ अभी भी लापता हैं।

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बहने वाली परवाल टॉस नदी में बाढ़ के तेज बहाव में दस मजदूर बह गए थे। अब तक छह मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें से छह शव प्रेमनगर अस्पताल में परवाल क्षेत्र से लाए गए हैं। सहसत्रधारा से बह कर आए तीन मृतकों को कोरोनेशन अस्पताल में रखा गया है, जबकि एक व्यक्ति की मौत नया गांव क्षेत्र में हुई है। घटना के बाद नया गांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा कर रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

गुच्चूपानी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के कारण एक स्कूटी मलबे में दब गई, हालांकि अभी तक किसी के घायल या लापता होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

टपकेश्वर के पास भगत सिंह कॉलोनी के शिखर फॉल के पास चार लोगों के बहने की भी सूचना है। प्रशासन ने राहत टीमों को तुरंत मौके पर रवाना कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

विकासनगर क्षेत्र के कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेड भूस्खलन जोन में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक स्कूटर सवार की मौके पर मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की पहचान विनय के रूप में हुई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों लोग कालसी से साहिया की ओर जा रहे थे।

इन घटनाओं के बाद प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। राज्य सरकार ने संवेदनशील इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भी अलर्ट जारी किया है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

सम्बंधित खबरें