
हल्द्वानी में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला मुखानी थाना क्षेत्र के लालडांट बाईपास रोड का है, जहां अज्ञात चोरों ने देर रात दो दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात चोर सुनसान का फायदा उठाकर दुकानों तक पहुंचे और शटर के ताले तोड़कर भीतर घुस गए। इसके बाद उन्होंने गल्लों में रखी नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। सुबह जब दुकान स्वामी अपनी दुकानों पर पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
चोरी की यह पूरी घटना दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की आवाजाही और पहचान से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस की रात्रि गश्त पर्याप्त नहीं है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।









