
उत्तराखंड के रुद्रपुर में दर्दनाक हादसा हो गया। बगवाड़ा मंडी के सामने शुक्रवार रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे में 22 वर्षीय भांजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 46 वर्षीय मामा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दोनों रेलवे स्टेशन जा रहे थे। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सहजनी निवासी रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने मामा अक्षय लाल चौहान को बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से ग्राम जुआफर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और पांच अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे। शुक्रवार रात उन्हें बाघ एक्सप्रेस से अपने घर लौटना था।
रात करीब 10 बजे दोनों बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अक्षय लाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के पास पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रोहित के पिता राधेश्याम चौहान ने बताया कि उनका बेटा सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार को इस हादसे से गहरा सदमा लगा है। अक्षय लाल भी अपने घर लौटने की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते में हुई दुर्घटना ने दोनों परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया।
सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर देने की बात कही गई है।










