धामी ने किया कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान, 22 अक्टूबर से भाजपा की पदयात्राएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अभियान का पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत 31 अक्टूबर को श्रीनगर, 2 नवंबर को देहरादून और 3 नवंबर को रुद्रपुर में पदयात्राएं निकाली जाएंगी। देहरादून की पदयात्रा में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। इसके बाद प्रदेश के सभी 13 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान नहीं करती और जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से कांग्रेस लगातार चुनावी हार का सामना कर रही है। लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि है और विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय उचित मंच पर अपनी आपत्तियां रखनी चाहिए।

मतदाता सूची के शुद्धिकरण को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया पर आपत्ति है तो उसे नियमानुसार उठाया जाना चाहिए। उन्होंने अपने वोट का उल्लेख करते हुए कहा, “मेरा तीन जगह से वोट हटाया गया। आज खटीमा में है। शुद्धिकरण किया गया। इसमें क्या बुराई है।” उन्होंने राहुल गांधी की कार्यशैली और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी पर भी सवाल उठाए।

धामी ने त्योहारों के दौरान विरोध प्रदर्शनों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि दीपावली के समय बाजारों में कारोबार बढ़ता है और बाजार प्रभावित होने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी जागरूक है और सरकार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी।

रेखा आर्या प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी दोषी को बचाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम कर रहा है। वहीं, दलेर मेहंदी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि वह मिका और दलेर मेहंदी से बात करेंगे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि भाजपा का अभियान जनता के बीच जाकर कथित भ्रामक प्रचार की वास्तविकता सामने रखने और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।

सम्बंधित खबरें