उत्तराखंड में बारिश और आंधी का डबल अटैक, 3 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

उत्तराखंड में लगातार दो दिन हुई बारिश और आंधी-तूफान के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान गिरने से ठंडक बढ़ गई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है। सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए इन तीनों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम का बदला हुआ मिजाज जारी रह सकता है। 14 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

सम्बंधित खबरें