
उत्तराखंड का बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर मामला सुर्खियों में है। इस बार अंकिता की मां सोनी देवी को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सोनी देवी ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि उन्हें सरकार के खिलाफ बोलने पर पूरे परिवार को गायब करने की धमकी दी गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने देहरादून एसएसपी को मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
वीडियो में सोनी देवी ने बताया कि वह पिछले चार साल से बेटी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। इस दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अंकिता के चरित्र को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहने वालों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी बीच उन्हें धमकी देकर चुप कराने की कोशिश की जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आईजी राजीव स्वरूप ने एसएसपी देहरादून को सोनी देवी और उनके परिवार से संपर्क कर उनकी शिकायत दर्ज करने को कहा है। साथ ही धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।











