
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी माता सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। सावित्री देवी के निधन की पुष्टि कई मीडिया रिपोर्टों में पौड़ी के अधिकारियों के हवाले से की गई है।
बताया जा रहा है कि सावित्री देवी लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। मई 2024 में तबीयत खराब होने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। उस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां का हालचाल जानने एम्स पहुंचे थे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
योगी आदित्यनाथ मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव के रहने वाले हैं। संन्यास लेने के बाद वह उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हो गए और वर्तमान में प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हो गया था। सावित्री देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश जारी कर कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।









