
उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनाव की तैयारियां रफ्तार पकड़ने लगी हैं। राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में दलबदल का खेल भी तेज हो चला है। इस बीच आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। टिहरी में पार्टी को उस समय नई मजबूती मिली, जब जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार भाजपा में शामिल हो गईं। इसके साथ ही टिहरी जिले के सभी नौ ब्लॉक में अब भाजपा का वर्चस्व हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 65 पार के लक्ष्य के साथ चल रही भाजपा में हर नेता-कार्यकर्ता की भूमिका अहम है।
पार्टी मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कनिष्ठ प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ सात क्षेत्र पंचायत सदस्यों और एक दर्जन ग्राम प्रधानों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास की सरकार तीसरी बार बनाने का जन दबाव जनप्रतिनिधियों को भाजपा में लेकर आ रहा है। सभी लोगों का पटका और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। भट्ट ने कहा कि यह ऐसा राजनीतिक दल है, जिसमें पोस्टर लगाने वाला, पम्फलेट बांटने वाला कार्यकर्ता भी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। कहा कि टिहरी ऐसा जिला बन गया है, जहां सभी नौ ब्लॉक प्रमुख भाजपा के हो गए हैं।










