कैंची धाम जाने वालों की बढ़ेगी मुश्किल! टैक्सी-दोपहिया पर रोक, जानिए कहां खड़ी करनी होगी गाड़ी

हल्द्वानी। वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 21 और 22 नवंबर के लिए विशेष यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। इस दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है। पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से निर्धारित रूट, पार्किंग और शटल सेवा का पालन करने की अपील की है।

यातायात प्लान के अनुसार दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से इन पहाड़ी इलाकों की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। यहां से श्रद्धालु स्थानीय शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम पहुंच सकेंगे। वहीं, ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से भी मंदिर तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

इसके अलावा भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से आवाजाही कर सकेंगे। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम, सैनेटोरियम बाईपास और शिप्रा पुल भवाली के रास्ते भेजा जाएगा।

पुलिस के अनुसार वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के साथ पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले यातायात प्लान की जानकारी लें और निर्धारित पार्किंग व डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, जिससे जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

सम्बंधित खबरें