
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत लालपुर के पास एक सिटी बस ने छह लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक को बस चलाते समय दौरा पड़ने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की टक्कर इतनी तेज थी कि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों में दो मजदूर भी शामिल बताए जा रहे हैं।
यह भी बताया गया कि समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो की मदद से अस्पताल भेजा। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। घटना के कारण इलाके में काफी देर तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।









