जिसे समझा जा रहा था अपहरण, उसके पीछे छिपी थी दर्दनाक कहानी! किशोरी के खुलासे से मचा हड़कंप

उत्तराखंड में लापता हुई नाबालिग किशोरी को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी अपनी बड़ी बहन के घर मिली। पूछताछ के दौरान उसने घर छोड़ने के पीछे ऐसी वजह बताई, जिसने मामले को नया मोड़ दे दिया। किशोरी ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म और लगातार शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मामला हरिद्वार जिले के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बिजनौर निवासी एक व्यक्ति ने पिछले सप्ताह कोतवाली में तहरीर देकर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान किशोरी के हिमाचल प्रदेश में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे उसकी बड़ी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में किशोरी ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। आरोप है कि इसके बाद सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। लगातार शारीरिक शोषण और उत्पीड़न से परेशान होकर किशोरी ने घर छोड़ने का फैसला किया और बिना किसी को बताए अपनी बड़ी बहन के पास चली गई।

किशोरी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में दर्ज मुकदमे में पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ाईं। इसके बाद चार नवंबर को आरोपित सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सोनल रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा और महिला कांस्टेबल प्रियंका तोमर शामिल रहीं।

सम्बंधित खबरें