
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नगर निगम में मेयर की कुर्सी को लेकर एक युवक की बार-बार की जा रही हरकतों ने मंगलवार को हंगामे का रूप ले लिया। आरोप है कि युवक पिछले करीब डेढ़ साल से समय-समय पर निगम पहुंचकर मेयर के कार्यालय में उनकी कुर्सी पर बैठ जाता था। मंगलवार को भी वह इसी तरह कार्यालय में पहुंचा और कुर्सी पर जम गया। कर्मचारियों ने उसे हटाने की कोशिश की तो वह उनसे उलझ पड़ा। मामला बढ़ने पर कर्मचारियों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
नगर निगम के सुपरवाइजर दीपक बडोनी के मुताबिक, युवक लंबे समय से इस तरह की हरकतें कर रहा था। कई बार उसे पकड़कर समझाया गया और पुलिस के हवाले भी किया गया, लेकिन उसकी आदत में कोई बदलाव नहीं आया। निगम कर्मचारियों ने इस संबंध में नगर आयुक्त और मेयर को भी शिकायत की थी।
मंगलवार को युवक के दोबारा मेयर की कुर्सी पर बैठने की जानकारी मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसे कार्यालय से बाहर निकालने का प्रयास किया तो युवक ने विरोध शुरू कर दिया और मारपीट पर उतारू हो गया। इस दौरान कर्मचारियों ने उसकी पिटाई कर दी और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने युवक को कर्मचारियों से छुड़ाकर हिरासत में लिया। हालांकि, पुलिस उसे अपने साथ ले जाने लगी तो उसने पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस उसे नगर कोतवाली ले गई।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि युवक को हिरासत में लिया गया है। वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है, जिसके संबंध में जांच की जा रही है। फिलहाल उसे धारा चौकी लाया गया है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











