
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। करीब छह साल तक प्रेम संबंध में रहने के बाद प्रेमी जब किसी दूसरी युवती से निकाह करने की तैयारी कर रहा था, तभी उसकी प्रेमिका ने ऐन मौके पर पुलिस चौकी पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। युवती ने प्रेमी पर निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। प्रेमी की बारात निकलने से पहले हुई इस घटना से दोनों पक्षों में खलबली मच गई है।
मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र की सुल्तानपुर पुलिस चौकी से जुड़ा है। युवती के मुताबिक, वर्ष 2020 से उसका भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच करीब छह साल से संबंध थे। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे निकाह करने का वादा किया था। इसी भरोसे पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का कहना है कि पिछले करीब तीन महीनों से युवक के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। वह निकाह की बात को लगातार टाल रहा था, लेकिन दूसरी ओर उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाता रहता था। युवती के अनुसार, एक दिन पहले भी युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इसी बीच उसे पता चला कि उसका प्रेमी 24 नवंबर को किसी दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है।
यह जानकारी मिलते ही युवती सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गई और युवक पर निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंप दी। युवती ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए प्रेमी से ही निकाह कराने की बात कही। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
पुलिस ने मामले में युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था, लेकिन वह खुद चौकी नहीं पहुंचा। बताया गया कि उसकी जगह कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे। प्रेमी की बारात निकलने से ठीक पहले प्रेमिका के पुलिस चौकी पहुंचने से क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवती की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।











