उत्तराखंड में हादसों की दर्दनाक सुबह, दो दुर्घटनाओं में 13 की मौत, 32 घायल

उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह दो बड़े सड़क हादसों की दर्दनाक खबर लेकर आई। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिले में हुए अलग-अलग हादसों में कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। टिहरी के गूलर में यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस हादसे में नौ यात्रियों की जान चली गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। वहीं, रुद्रप्रयाग में बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

गूलर में बस हादसा, नौ की मौत और 26 घायल

टिहरी जिले में मंगलवार 17 नवंबर की सुबह करीब 4:30 बजे हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही एक यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर गूलर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें रवाना की गईं।

दुर्गम रास्ते और कठिन परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद 26 घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सभी नौ मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। इनमें उत्तर प्रदेश के संभल निवासी विक्की (37), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी राजरॉय (56), बस चालक रुद्रप्रयाग निवासी राजेंद्र सिंह (48), परिचालक टिहरी निवासी अनुज भंडारी (27), कीर्तिनगर निवासी पुन्नू (55), चमोली निवासी सुशील प्रताप सिलोडी (55) और मध्य प्रदेश निवासी दीपक गुप्ता (55), विकास गुप्ता तथा संभल निवासी रोहित कश्यप (35) शामिल हैं।

एसएसपी श्वेता चौबे ने ऋषिकेश एम्स पहुंचकर घायलों का हाल जाना। एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सड़क पर तीव्र ढलान वाला मोड़ हादसे की वजह माना जा रहा है। इस दौरान क्रैश बैरियर भी बस को रोकने में सफल नहीं रहा। जांच में यह भी सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त बस का टैक्स 31 अक्टूबर को ही समाप्त हो चुका था।

रुद्रप्रयाग में बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत

दूसरा दर्दनाक हादसा रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर हुआ। पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस और बचाव दलों ने रातभर अभियान चलाकर खाई में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में रांसी निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), देड़ा निवासी सूरत सिंह (42) और दादा गैड़ बस्ती, रांसी निवासी बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई। वहीं, दो घायलों उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (56) को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार अन्य घायलों लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है।

सम्बंधित खबरें