
उत्तराखंड की राजधानी के देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र स्थित बैरागीवाला इलाके में सिंचाई के पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार (13 जून) को दो पक्षों के बीच हुई झड़प में भाजपा नेता की मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के विरोध में रविवार को लोगों ने प्रदर्शन किया, जबकि कुछ स्थानों पर आगजनी और पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आईं।
जानकारी के अनुसार खेतों की सिंचाई को लेकर दो गुटों में कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगों ने भाजपा नेता विनोद पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण देर रात तक पुलिस थाने में डटे रहे तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
रविवार सुबह लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुईं और पत्थरबाजी की भी सूचना मिली, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन मृतक के परिजनों के संपर्क में है और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।
इस बीच प्रशासन ने तीन आरोपियों के घरों पर अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई करते हुए उनकी बाउंड्री वॉल हटाने की प्रक्रिया शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कानून हाथ में लेने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए दोषियों को कठोर दंड दिलाने का भरोसा जताया।








