उत्तराखंडः सड़क हादसे में कांग्रेस नेता की दर्दनाक मौत

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में सोमवार देर रात स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में कांग्रेस नेता दीपक मसी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बंबाघेर निवासी दीपक मसी (50) पुत्र राम भरोसे सोमवार रात बाइक से सांवल्दे से रामनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कानिया निवासी दीपक आर्य स्कूटी पर दिव्या और पूजा के साथ जा रहे थे। इसी बीच दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और स्कूटी पर सवार चारों लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।

दीपक मसी रामनगर कांग्रेस कमेटी में नगर उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

सम्बंधित खबरें