
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में सीसीटीवी फुटेज से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फुटेज में दो युवक अपने एक साथी को धक्का देकर गिराते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों युवक उसे सड़क किनारे छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटे और युवक को हिलाने-डुलाने के बाद वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार किया। पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो घटना से जुड़े अहम सुराग सामने आए। उपनिरीक्षक जयवीर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर साथ जाते दिखाई दिए। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथ चल रहे युवक को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने युवक के साथ मारपीट की, जबकि दूसरा साथी पास में खड़ा रहा।
कुछ देर बाद दोनों युवक पीड़ित को सड़क किनारे छोड़कर चले गए। हालांकि, थोड़ी देर बाद वे दोबारा मौके पर लौटे और युवक को हिलाकर देखा, लेकिन फिर वहां से फरार हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि धक्का देने और मारपीट के कारण युवक की मौत हुई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। धारा 105 गैर-इरादतन हत्या से संबंधित है, जबकि धारा 3(5) एक ही आशय से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कृत्य से जुड़ी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी कर रही है।











