चमोली टनल हादसे में एक और मौत, मृतकों की संख्या 9 पहुंची; अब एक श्रमिक लापता

उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की टनल में हुए हादसे के बाद जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में मंगलवार को एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया। रेस्क्यू किए गए श्रमिक को तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

13 अगस्त को विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा आने से 22 श्रमिक अंदर फंस गए थे। हादसे के बाद रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर 12 घायल श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि कई श्रमिक मलबे में फंस गए थे।

अब तक 9 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक श्रमिक अभी भी लापता है। लापता श्रमिक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।

टनल के अंदर जमा मलबे, स्लज और पानी को बाहर निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सक्शन पंपों की मदद से पानी और मलबा हटाया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीम अंदर तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश कर सके।

रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत विभिन्न एजेंसियों की टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बचे हुए एक लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

गौरतलब है कि चमोली जिले में विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना की टनल निर्माण का काम चल रहा था। 13 अगस्त को काम के दौरान अचानक पहाड़ से मलबा टनल के अंदर आ गया, जिससे वहां काम कर रहे 22 श्रमिक फंस गए थे। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू के दौरान 12 घायल श्रमिकों को बाहर निकाला गया। अब तक 9 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक श्रमिक की तलाश अभी भी जारी है। रेस्क्यू टीमें लगातार मलबा और पानी हटाकर लापता श्रमिक तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

सम्बंधित खबरें