
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जिले में आयोजित प्रसिद्ध ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मेले को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को धरातल पर उतारने का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक मेले पीढ़ियों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। इन आयोजनों को संरक्षित करना और आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से उनकी आय बढ़ाई जाए, ताकि उन्हें रोजगार की तलाश में अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति, सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। सरकार चाहती है कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, दालें, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश और दुनिया के बड़े बाजारों में भी अपनी पहचान बनाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने इसे प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
गौरतलब है कि गौचर मेला उत्तराखंड के प्रसिद्ध ऐतिहासिक व्यापारिक मेलों में शामिल है। पहले इसे प्रदेश के सबसे बड़े मेलों में गिना जाता था। इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं और कृषि प्रदर्शनी भी आयोजित की जाती रही हैं। इनमें भाग लेने के लिए उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों से कलाकार और खिलाड़ी पहुंचते रहे हैं। कृषि मेले में प्रदर्शित होने वाली विशाल लौकी और मूली भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहती हैं। आज भी गौचर मेला अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक पहचान के लिए विशेष महत्व रखता है।











