जौनपुर महोत्सव में पहुंचे सीएम धामी, पर्यटन से युवाओं को रोजगार देने का बनाया रोडमैप

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी के थत्यूड़ पहुंचकर तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। इसी कड़ी में तिवाड़ गांव को पर्यटन ग्राम घोषित किया गया है। इससे क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका के नए साधन विकसित होंगे।

उन्होंने बताया कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कद्दूखाल में करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। पार्किंग सुविधा विकसित होने से पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ प्रदेश की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है और क्षेत्र में पर्यटन को भी नई दिशा मिलती है।

कार्यक्रम में विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें