
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में वाहन क्रॉस करने को लेकर हुआ विवाद मारपीट और कथित अपहरण तक पहुंच गया। भूरारानी क्षेत्र में दो युवकों को गाड़ियों में जबरन बैठाकर फार्म हाउस ले जाने और वहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मोहन खेड़ा के भाई, भतीजों और बेटे समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामले के अनुसार, वार्ड नंबर 32 दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी निवासी वीरू की नौ नवंबर की शाम करीब सात बजे भूरारानी रोड पर राघव खेड़ा से वाहन क्रॉस करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। शुरुआती विवाद के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन आरोप है कि इसी बात को लेकर बाद में विवाद बढ़ गया।
वीरू की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि कांग्रेस नेता नवीन खेड़ा अपने बेटों विवेक और राघव तथा करीब 15 साथियों के साथ उसके घर पहुंचा। घर पर वीरू के नहीं मिलने पर आरोपितों ने ठंडी सड़क से उसे और उसके दोस्त को गाड़ियों में बैठा लिया। इसके बाद दोनों को हंस विहार स्थित फार्म हाउस ले जाया गया।
पीड़ित का आरोप है कि फार्म हाउस में दोनों युवकों को लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, बेल्ट और धारदार हथियारों से पीटा गया। हमले में वीरू के सिर पर दो जगह गंभीर चोट आई और हाथ की एक अंगुली भी बुरी तरह कट गई। हालत बिगड़ने पर फार्म हाउस में ही डॉक्टर को बुलाया गया, जिसने घायल के सिर और अंगुली में टांके लगाए। इसके बाद दोनों युवकों को वापस उसी स्थान पर छोड़ दिया गया।
वीरू ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने जाते समय पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने नवीन खेड़ा, विवेक खेड़ा, राघव खेड़ा, मोंटी, रावत, पिंटू और कशिश खेड़ा समेत आठ अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि शिकायत के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











