
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में आठ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि एक युवक बच्ची को पटाखे दिलाने का झांसा देकर शुगर मिल की दीवार के पास झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में खड़कपुर देवीपुरा निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में रहने वाला 29 वर्षीय नीरज उर्फ चेंचू उर्फ पंकज उनकी आठ वर्षीय पुत्री को पटाखे दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। आरोप है कि युवक बच्ची को शुगर मिल की दीवार के पास स्थित झाड़ियों में ले गया, जहां उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
सीओ के अनुसार, मामले की जांच एसआई मीनाक्षी मनराल को सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











