
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए ट्रेकर्स की तलाश में शुक्रवार को राहत एवं बचाव अभियान के दौरान तीन और शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। आठ ट्रेकर्स में से एक अभी भी लापता है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम जुटी हुई है।
शुक्रवार सुबह से ही बचाव दल ने लापता ट्रेकर्स की संभावित लोकेशन पर तलाशी अभियान शुरू किया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सुबह करीब 9:30 बजे सैटेलाइट फोन के माध्यम से अभियान की जानकारी दी गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन में दबे तीन पुरुष ट्रेकर्स के शव मिले।
रेस्क्यू टीम ने बरामद शवों को पहले बेस कैंप पहुंचाया। इसके बाद युकाडा के हेलीकॉप्टर से उन्हें मातली हेलीपैड लाया गया। हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे देहरादून से रवाना हुआ और 11:30 बजे मातली पहुंचा। वहां से 11:40 बजे केदारताल के लिए उड़ान भरने के बाद दोपहर करीब 12:10 बजे तीनों शवों को लेकर वापस मातली पहुंचा।
मातली हेलीपैड से शवों को मोर्चरी वाहन के जरिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। उधर, हादसे में लापता आठवें ट्रेकर का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। बचाव दल ने उसकी तलाश के लिए अभियान जारी रखा है।











