
नैनीताल। कैंची धाम में दर्शन की उम्मीद लेकर बरेली से निकले श्रद्धालुओं का सफर बुधवार देर रात दर्दनाक हादसे में बदल गया। निगलाट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ ने रात में ही मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि बरेली निवासी पांच लोग कार से कैंची धाम दर्शन के लिए पहुंचे थे। बुधवार देर रात करीब एक बजे उनकी कार निगलाट क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।
भवाली के पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय सिंह और कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में संदीप शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी मनकापुर, थाना भुता, बरेली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे अनुज तिवारी (29) पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी निवासी शेखरपुर, बरेली, सनी (23) पुत्र तेजराम निवासी मनकापुर, भुता, बरेली, रवि पुत्र दिवेश मौर्य और संचित तिवारी (26) पुत्र डॉ. रत्न नारायण तिवारी निवासी शेखरपुर, भुता, बरेली घायल हो गए।
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी भवाली ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए चारों को हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे की खबर से मृतक के परिवार में शोक छा गया है।











