उत्तराखंड के इस हाईवे पर मौत बनकर भिड़ीं दो कारें, एक की मौत, चार गंभीर

उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब से आ रही स्कॉर्पियो ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। वाहन में सात लोग सवार थे। इसी दौरान श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर जा रही अर्टिगा कार से गंगा दर्शन होटल के पास स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं, एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सम्बंधित खबरें