उत्तराखंड के प्रतिष्ठित संस्थान में दुखद घटना, बीएस-एमएस के छात्र की मौत, मचा हड़कंप

उत्तराखंड के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी रुड़की में गुरुवार देर रात एक छात्र की मौत का मामला सामने आने से परिसर में सनसनी फैल गई। बीएस-एमएस कार्यक्रम के द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत 20 वर्षीय छात्र आयुष राजोरिया की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल छात्र की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

मृतक आयुष राजोरिया पुत्र शैलेश राजोरिया मूल रूप से 410 बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) का निवासी था। वह आईआईटी रुड़की में गणित एवं कंप्यूटिंग विषय से बीएस-एमएस की पढ़ाई कर रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके माता-पिता भी संस्थान पहुंच गए। पुलिस परिजनों और संस्थान के अधिकारियों से जानकारी जुटा रही है।

घटना को लेकर आईआईटी रुड़की प्रशासन ने भी शोक व्यक्त किया है। संस्थान की मीडिया सेल प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव ने बताया कि छात्र के निधन से संस्थान परिवार दुखी है। घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है और संस्थान की ओर से जांच में पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

संस्थान प्रशासन ने शोकाकुल परिवार को हर संभव आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही सभी से अपील की है कि इस कठिन समय में परिवार की निजता का सम्मान करें और घटना को लेकर बिना तथ्यों के किसी तरह की अटकलें न लगाएं।

सम्बंधित खबरें