
उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल जिले के बेलपड़ाव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:31 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को बेलपड़ाव में आईआरबी से कुछ पहले कार और बाइक की टक्कर की सूचना मिली। सूचना मिलते ही संबंधित चौकी और थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। डियर डोना रिजॉर्ट से लगभग 100 मीटर पहले सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त कार संख्या T 06264 UK 0600 C और डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या UK04H 5498 मिलीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान कोटाबाग के गिनतीगांव निवासी गौरव बजवाल पुत्र पुष्कर बजवाल और दर्शन सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। दुर्घटना के बाद कार चालक घटनास्थल से गायब मिला।
चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।











