
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके हित में कई महत्वपूर्ण फैसले कराए हैं। व्यापारियों की मांगों को लेकर महापौर ने नगर आयुक्त परितोष वर्मा, कर निरीक्षक महेश पाठक समेत नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इसके बाद व्यापारियों को किराये और निर्माण अनुमति से जुड़ी राहत देने का निर्णय लिया गया।
महापौर के प्रयासों के बाद ₹1 के स्थान पर ₹1.50 किराया निर्धारित किए जाने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया गया है। इससे व्यापारियों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ में राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में दो मंजिला निर्माण की अनुमति प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने का निर्णय लिया गया है।
इस फैसले से व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार और विकास में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। साथ ही अनुमति प्रक्रिया में आने वाली अनावश्यक जटिलताओं से भी राहत मिल सकेगी।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ ही शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि हल्द्वानी में व्यापारिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिल सके।
महापौर के प्रयासों से लिए गए निर्णयों पर व्यापारियों ने खुशी जताई। व्यापारियों ने महापौर का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही व्यापारियों के हित में किए गए फैसलों के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, योगेश शर्मा, पंकज कपूर, आशीष मल्होत्रा, राजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल, नंदकिशोर वर्मा तथा पार्षद प्रतिनिधि गोपाल भट्ट समेत कई व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।








