
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के त्यूणी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चकराता मोटर मार्ग पर चिल्लाड़ के पास एक फोर्ड फ्रीस्टाइल कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी और थाना त्यूणी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दुर्गम और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू अभियान में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीआरएफ जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर वाहन के पास फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला। वहीं मृतक का शव भी खाई से निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेजा गया। एसडीआरएफ के कांस्टेबल नवीन सिंह के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर UP37P6641 है और उसमें चालक समेत कुल तीन लोग सवार थे।
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी, निवासी फतापुर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में 27 वर्षीय सुनील मंडल, निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और देहरादून निवासी ऋषभ शामिल हैं।
थाना प्रभारी त्यूणी कुलदीप शाह ने बताया कि चिल्लाड़ राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत फोर्ड फ्रीस्टाइल कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।









