तीसरी कक्षा की बच्ची से CM धामी का खास अंदाज में संवाद, सिर पर हाथ रखकर जताया स्नेह

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आम लोगों से संवाद के लिए जाने जाते हैं। युवा हों, बुजुर्ग हों या बच्चे, मुख्यमंत्री अक्सर लोगों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जानने और उनसे बातचीत करने का मौका नहीं छोड़ते। ऐसा ही एक सहज और आत्मीय अंदाज देहरादून पुलिस लाइंस के हेलीपैड पर देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री धामी की मुलाकात एक नन्हीं स्कूली बच्ची से हो गई।

दरअसल, पुलिस लाइंस स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री की नजर किनारे खड़ी एक स्कूली छात्रा पर पड़ी। वह सीधे बच्ची के पास पहुंचे और उससे बातचीत शुरू कर दी। मुख्यमंत्री ने बच्ची से पूछा कि वह किस कक्षा में पढ़ती है। बच्ची ने बताया कि वह तीसरी कक्षा की छात्रा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उससे उसका नाम पूछा और पढ़ाई से जुड़ी अन्य बातें भी जानीं।

बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्ची से पूछा कि क्या वह उन्हें पहचानती है। बच्ची ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मुख्यमंत्री का नाम पुष्कर सिंह धामी बताया। बच्ची का जवाब सुनकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और उससे बातचीत जारी रखी। उन्होंने यह भी पूछा कि वह स्कूल जा रही है या स्कूल से वापस लौट रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बच्ची के सिर पर हाथ भी फेरा।

मुख्यमंत्री और बच्ची के बीच हुई इस सहज बातचीत का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें धामी का बच्चों के प्रति अपनापन और सहज व्यवहार नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री इससे पहले भी कई मौकों पर छात्रों और बच्चों से बातचीत करते दिखाई दिए हैं। कई अवसरों पर वह बच्चों के साथ खेलते और उनकी बातें सुनते भी नजर आए हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री अपने मॉर्निंग वॉक के दौरान भी आम लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछते रहे हैं। इस दौरान वह लोगों से स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत करते हैं।

सम्बंधित खबरें