
उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को निकासी गेट से हटाने के दौरान पुलिसकर्मियों की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी को सौंपी गई है, जबकि संबंधित पुलिसकर्मियों को फिलहाल ड्यूटी प्वाइंट से हटा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार कुछ श्रद्धालु निकासी गेट के रास्ते मंदिर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें निर्धारित मार्ग का उपयोग करने के लिए कहा था। हालांकि, समझाने के बावजूद कुछ लोग उसी रास्ते से जाने पर अड़े रहे।
बताया गया कि निकासी गेट के दोनों ओर भीड़ बढ़ने लगी थी, जिससे अव्यवस्था और किसी अप्रिय घटना की आशंका पैदा हो गई थी। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को वहां से हटाने की कार्रवाई की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया।
पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के लिए मामला पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट को सौंप दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








