
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान करियर, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर युवाओं ने सवाल किए और सुझाव रखे।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का मंच दिया है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में रोजगार और कारोबार की नई संभावनाएं खुल रही हैं। उत्तराखंड के युवाओं की ऊर्जा को प्रदेश के विकास से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन और कौशल विकास के अवसर बढ़ाकर पलायन की चुनौती से निपटा जा सकता है। नवीन ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और राजनीति व सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं’ है। उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया तेज करते हुए अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है।
धामी ने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार, स्टार्टअप, होम स्टे, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खेलों के क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, एआई, रोबोटिक्स और नई तकनीकों में युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट समेत जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।









