श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर अलर्ट मोड पर सरकार! कैंचीधाम मेले की तैयारियों में तेज़ी

 नैनीताल स्थित प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम में 15 जून को आयोजित होने वाले वार्षिक स्थापना दिवस मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित सभी विभागों—पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियों—को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सबसे अधिक जोर संभावित भारी श्रद्धालु भीड़ के सुचारू प्रबंधन पर दिया। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों के लिए विस्तृत रूट प्लान तैयार किया जाए और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित ढंग से लागू किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति न बने। इसके साथ ही उन्होंने मेला क्षेत्र को जोनल और सेक्टर सिस्टम में विभाजित कर प्रबंधन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसका संचालन प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए। पार्किंग स्थलों की जानकारी और रूट डायवर्जन की योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे श्रद्धालु पहले से ही मार्गों और व्यवस्थाओं से अवगत रहें।

मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण जैसे मूलभूत कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मल्टीलेवल पार्किंग में वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए जाएं, ताकि यातायात सुचारू रहे और भीड़भाड़ की स्थिति न बने।

इसके अलावा, उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग क्षेत्रों से मंदिर तक शटल सेवा चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने वैकल्पिक मार्गों की तैयारी, सड़कों की मरम्मत और ब्लैक टॉपिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करने को भी कहा।

आपात स्थिति से निपटने के लिए उन्होंने प्रभावी निकासी योजना तैयार रखने और सुरक्षा बलों को उसके लिए पूरी तरह प्रशिक्षित व ब्रीफ करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस की उपलब्धता और भीड़ नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी—सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और एसएसपी मंजुनाथ टी.सी. सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें