शादी के बाद मायके आई नवविवाहिता, घर पहुंचकर मिली धमकी, फिर खा लिया जहर

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में नवविवाहिता को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और धमकाने का मामला सामने आया है। लंबे समय से जारी कथित उत्पीड़न से परेशान 19 वर्षीय विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। विवाहिता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक उनकी बेटी को काफी समय से परेशान कर रहा था और कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के साथ धमकियां दे रहा था। परिजनों ने युवक और उसके पिता को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद विवाहिता को परेशान करना बंद नहीं किया गया।

परिजनों के मुताबिक, लगातार परेशान किए जाने के चलते उन्होंने 28 जून को बेटी की शादी दूसरे गांव के युवक से कर दी थी। 18 अगस्त को विवाहिता अपने मायके आई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान शाम करीब पांच बजे आरोपी युवक अपने पिता के साथ उसके घर पहुंचा और उसे डराने-धमकाने लगा।

पिता का आरोप है कि लगातार धमकी और मानसिक दबाव से परेशान होकर विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया।

पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

सम्बंधित खबरें