
उत्तराखंड के मसूरी स्थित झड़ीपानी रोड के बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। पुलिस को सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद थाना मसूरी की टीम मौके पर रवाना हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को उत्तरकाशी का निवासी बताया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामान खरीदने के बाद जैसे ही सभी लोग वाहन में बैठे, कार तेज ढलान की ओर बढ़ने लगी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार एक खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
कार में सत्यप्रकाश (निवासी सोनीपत), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष, निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद) और संगीता (46 वर्ष, निवासी करोलबाग, दिल्ली) सवार थे। चारों का शव खाई से निकाला गया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह तीव्र ढलान पर वाहन के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है।
बचाव दल ने अभियान के दौरान एक महिला का शव खाई से बरामद किया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश और बचाव कार्य जारी है। घटनास्थल पर थाना मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी और पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौजूद हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









