
उत्तराखंड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किया है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली और हरिद्वार के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन तीन से छह सितंबर तक निर्धारित दिनों में संचालित होगी और रुड़की रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी।
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 04413 दिल्ली-हरिद्वार स्पेशल तीन, चार और पांच सितंबर को रात 11 बजे दिल्ली से रवाना होगी। ट्रेन गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए अगले दिन सुबह 4:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 04414 हरिद्वार-दिल्ली स्पेशल चार, पांच और छह सितंबर को शाम पांच बजे हरिद्वार से चलेगी। निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए ट्रेन रात करीब 10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। गाड़ी संख्या 04213-14 तीन और चार सितंबर को दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी। अयोध्या कैंट से ट्रेन तीन सितंबर को शाम 6:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से चार सितंबर को सुबह 8:20 बजे ट्रेन चलेगी और रात 9:35 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर रहेगा। जन्माष्टमी के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के संचालन से दिल्ली-हरिद्वार और अयोध्या-दिल्ली रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।









