उत्तराखंड में भीषण हादसाः तेज रफ्तार बस ने 5 वाहनों को मारी टक्कर, ऑटो चालक गंभीर

उत्तराखंड के हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस ने जमकर कहर बरपाया। दुर्गा चौक के पास अनियंत्रित बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक कुत्ते की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए दुर्गा चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों से टकराती चली गई। हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। गनीमत रही कि सुबह के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया है। बस को भी कब्जे में लेकर पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसा किस कारण हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

सम्बंधित खबरें