वन टीम के पीछा करने के दौरान दर्दनाक हादसा! ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद सड़क पर फूटा गुस्सा

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र स्थित भाऊवाला में अवैध खनन के दौरान हुए हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, बिहार के समस्तीपुर निवासी रूपन सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहा था। इसी दौरान वन सुरक्षा दल ने उसे कथित तौर पर अवैध खनन करते हुए देखा और उसका पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग भाऊवाला पुल के पास एकत्र हो गए। उन्होंने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

सम्बंधित खबरें