2027 की तैयारी शुरू, जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश में जुटी भाजपा

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी ने पहली बार राज्य की सभी विधानसभा सीटों के लिए अलग-अलग कोर कमेटियों का गठन किया है। संगठन का मानना है कि ये कमेटियां न केवल चुनावी रणनीति को मजबूत करेंगी, बल्कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में भी निर्णायक भूमिका निभाएंगी।

भाजपा ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रमों, विभिन्न प्रकोष्ठों के गठन और प्रबुद्ध सम्मेलन जैसे अभियानों को भी गति दी है। इसी क्रम में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए गठित कोर कमेटियों में सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, मेयर, नगर निकाय अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों को शामिल किया गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, ये कोर कमेटियां आगामी चुनाव तक संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान विधायकों के प्रदर्शन, जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता और संगठनात्मक सक्रियता का लगातार आकलन करेंगी। साथ ही संभावित दावेदारों की राजनीतिक पकड़ और जीतने की क्षमता का भी मूल्यांकन किया जाएगा।

इन कमेटियों की रिपोर्ट के आधार पर संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार होगा, जिसे प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से राष्ट्रीय नेतृत्व तक भेजा जाएगा। अंतिम प्रत्याशी चयन में इन रिपोर्टों को महत्वपूर्ण आधार माना जाएगा।

भाजपा नेतृत्व ने अपने सभी विधायकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि वे चुनाव के दौरान किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए गंभीरता से कार्य करें। साथ ही जनता की शिकायतों और स्थानीय मुद्दों के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पार्टी यह भी संकेत दे चुकी है कि केवल वर्तमान विधायक होने के आधार पर टिकट सुनिश्चित नहीं होगा। जिन सीटों पर जनाधार कमजोर होने या असंतोष की स्थिति सामने आएगी, वहां नए और अधिक प्रभावी चेहरों को मौका दिया जा सकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा की कोर कमेटी स्थानीय मुद्दों, बूथ प्रबंधन और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन में किया गया यह बदलाव पार्टी की चुनावी तैयारियों को नई मजबूती देगा और 2027 में लगातार तीसरी जीत के लक्ष्य को हासिल करने में सहायक सिद्ध होगा।

सम्बंधित खबरें