
उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। कांग्रेस ने प्रदेश में चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अगले महीने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं, जबकि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पौड़ी जिले में जनसभा करेंगी। दोनों नेताओं के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तारीख एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली बैठक में तय की जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि जनसभाओं के कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा की जाएगी। दिवाली के बाद दोनों नेताओं के उत्तराखंड दौरे की संभावना है। पार्टी इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने और चुनावी माहौल तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है।
राहुल गांधी की प्रस्तावित धारचूला जनसभा को सीमांत क्षेत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, पौड़ी में प्रियंका गांधी की सभा के जरिए कांग्रेस पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, इन जनसभाओं में अंकिता हत्याकांड, बेरोजगारी, पलायन, भूमि संबंधी विषयों और मूल निवास समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख मुद्दों को उठाया जा सकता है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व के इन प्रस्तावित दौरों को संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।










