उत्तराखंड में नहीं मिलेगी अपराधियों को पनाह! STF ने हिमाचल के वांछित आरोपी को धर दबोचा

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और हिमाचल प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हिमाचल प्रदेश से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश की जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष वेदांग शर्मा निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सनियाड, थाना सदर मंडी, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसके तहत आरोपी को पटेलनगर क्षेत्र से दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार आयुष वेदांग शर्मा पर 9 जुलाई 2026 को मंडी में एक व्यक्ति के घर में घुसकर तमंचे के बल पर उसे और उसके परिवार को डराने-धमकाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में थाना सदर मंडी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ मंडी सदर थाने में पहले से भी एक अन्य आपराधिक मामला दर्ज है।

गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत हिमाचल प्रदेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में शरण लेने वाले अन्य राज्यों के वांछित अपराधियों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें